जिंदगी में पहली बार डायनमो को हिस्ट्री टीवी के शो पर देखा था और उसके बाद उनको कभी नहीं भूला। उस दिन डायनमो ने पानी के एक कृत्रिम झरने पर हाथ रखकर उसे बर्फ में बदलने पर मजबूर कर दिया था। ब्रिटेन के यार्कशायर के निवासी स्टीवन फ्रायेन उर्फ डायनमो आज अपने असंभव जादू के दम पर जादू के विश्व इतिहास में संभवत हुडिनी के समकक्ष आ खड़े हुए हैं। हिस्ट्री चैनल पर आने वाले शो मैजिशियन इंपासिबल के माध्यम से वे सारी दुनिया में जाने जाते हैं। वे स्टेज पर नहीं बल्कि राह चलते लोगों के बीच जादू दिखाते हैं। एक जादूगर के लिए स्पांटेनियस होना शायद सबसे बड़ा चैलेंज होता है। हैरानी इस बात की होती है कि एक दुबला-पतला नौजवान जेब में हाथ डाले किसी भी बाजार में प्रकट हो जाता है और ऐसे जादू दिखा जाता है जो स्टेज पर सेटअप के साथ दिखाया जाना भी मुमकिन नहीं है।
डायनमो बीते होली के त्यौहार पर भारत आए और ये देखकर हैरान रह गए कि मोदी, धोनी और सलमान के इस देश में भी इतनी तादाद में लोग उन्हें पहचानते हैं। मुंबई की सडक़ों पर गुजरते हुए आसपास के लोग उन्हें पहचान कर अभिवादन करते और यह सभ्य युवा जादूगर अपने किसी प्रशंसक को जवाब देना नहीं भूलता।
अपने मुंबई प्रवास में डायनमो नेे पॉश इलाकों को छोडक़र धारावी और भिंडी बाजार जैसे इलाकों में असली भारत को खोजने की कोशिश की। यहां पढऩे वाले इसे उन फिल्मकारों की तरह न लें जो भारत की गरीबी ही दुनिया को दिखाना चाहते हैं। डायनमो चाहे अमेरिका में हो या ब्राजील में, अपने शो के लिए गरीब बस्तियों में ही जाते है। धारावी में वे पुराने अखबार बेचने वाली रद्दी की एक बड़ी दूकान में जा पहुंचे और अखबार के कुछ टुकड़े उठाए और पलभर में उन्हें जोडक़र पढऩे लायक बना दिया। यहीं नजदीक में धोबी घाट पर उन्होंने एक गंदे कपड़े को देखते-देखते एक खूबसूरत साड़ी में बदल दिया। मछुआरों के एक गांव में डायनमो ने कुछ बच्चों को पानी के बुलबले उड़ाते देखा। उन्होंने एक बुलबुला अपनी हथेली पर रख लिया और अगले ही पल वो बुलबुला एक ठोस गेंद में बदल चुका था। कई बार इंटरव्यू के दौरान डायनमो ने कहा है कि आज के दौर में लोग बेहद तनाव की जिंदगी गुजारते हैं और यदि उन्हेें कुछ देर सबकुछ भूलकर चहकने का मौका मिले तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है।
अपने भारत के सफर का समापन उन्होंने वाराणसी में होली खेलकर किया। बनारस की भीड़ भरी गलियों का सम्मोहन डायनमो को खूब भाया। पहली बार उन्होंने जाना कि भारत की उत्सवप्रियता क्या है। होली की शाम बनारस के घाट पर उन्होंने अपना सबसे बड़ा जादू दिखाया। उन्होंने घाट पर अपने हाथ से इशारा किया और पहले से गंगा में तैर रहे सैकड़ों बुझे हुए दीप प्रकाशवान हो उठे। घाट पर मौजूद लोगों के लिए ये अनुभव आल्हादित करने वाला रहा। इन दीपों की रोशनी में उस दिन बनारस के लोगों ने एक ऐसे प्रेमदूत को देखा, जो अपने जादू से लोगों में प्रेम और उम्मीद बांट रहा है। भगवान जाने परदे के पीछे से तुम क्या करते हो डायनमो लेकिन वाकई तुम असंभव हो।

No comments:
Post a Comment